जीवन की एक कहानी है
जीवन की एक कहानी है। प्रकृति आज माता बन कर कहती यह कठिन कहानी है॥ एक मनोहर इन्द्रधनुष फैला है नील गगन में, क्या यौवन की लहर बही है वर्षा के जीवन में? बादल हैं किस रमणी के संकुचित बाहु-बंधन में? एक स्वप्न की रेखा है किरणों के नव जीवन में? नश्वरता भू पर भिक्षुक है, पर नभ में वह रानी है॥ जीवन की एक कहानी है। अविरत साँसों के पथ पर, प्रिय निद्रा के नर्तन में, निशा विभाजित हो जाती है तारों के कन-कन में; किन्तु उषा के उल्का से इस नीरव स्वर्ग-सदन में, दिन की आग आह, लग जाती यह छल परिवर्तन में! इस रहस्य को समझ, सुमन सूखा-- वह मुझसे ज्ञानी है॥ जीवन की एक कहानी है।

Read Next